नवागत खंण्ड शिक्षा अधिकारी का अध्यापकों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।विकासखंड सिरौलीगौसपुर के कंपोजिट विद्यालय परसा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आज खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर द्वारा विधिवत कार्यभार ग्रहण किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संघ के विभिन्न पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के सम्मानित शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को विद्यार्थियों की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि सभी शिक्षक समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विकासखंड सिरौली गौसपुर को जनपद स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी स्थान दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। वहीं, जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने उपस्थित समस्त शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक शासन एवं प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अपने-अपने विद्यालयों में पूर्ण समर्पण के साथ शैक्षणिक कार्य सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु आपसी समन्वय एवं सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवाजी मिश्र, विजय सिंह यादव, सौरभ वर्मा, निधि राज, अर्शिया खातून, संगीता तिवारी, धर्मराज, संतोष कुमार, आनंद प्रकाश, उदय प्रताप सिंह, मो० इरफान, पूनम वर्मा, पूजा गुप्ता, शबीना इब्राहिम, प्रिया शुक्ला, नीलेश तिवारी, सिद्धार्थ शुक्ला, निदेश वर्मा, पवन मिश्रा, मंजू, विनीता कुमारी, सुनील दत्त शुक्ला, अमर दीप, आकाश वर्मा, राकेश कुमार सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।









