दलित युवक हत्याकांड पर सपा विधायक राहुल लोधी का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- ‘दलित सुरक्षित नहीं, पुलिस नाकाम’

पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग, विधायक ने दी 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता; आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

दलित युवक हत्याकांड पर सपा विधायक राहुल लोधी का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- ‘दलित सुरक्षित नहीं, पुलिस नाकाम’

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अटोरा बुजुर्ग में 5 दिन पूर्व हुई दलित युवक की हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक ने कहा कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार और हत्याओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

राहुल लोधी ने कहा कि घटना को 5 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर पुलिस किस प्रकार की कार्रवाई कर रही है, जब अब तक हत्यारे कानून की गिरफ्त से बाहर हैं।

विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने जिला अधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

सपा विधायक ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी मजबूती से उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

विधायक के बयान के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।