डीएम ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय तीरगांव का किया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन।
राकेश बहादुर वर्मा।
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गुरुवार को तहसील नवाबगंज अंतर्गत तीरगांव स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आवासीय) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके समग्र विकास पर भी ध्यान दिया जाए तथा खेल, भाषण, वाद-विवाद जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कक्षा में प्रतिदिन कम से कम दो छात्रों को किसी विषय पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जाए, जिससे उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास हो सके। साथ ही डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए सभी छात्रों की ईमेल आईडी बनवाकर उनके व्यावहारिक उपयोग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग प्रारंभ कराने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्र बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









