टिकैतनगर कोतवाली में मोहर्रम एवं आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित
निष्पक्ष जन अवलोकन
रत्नाकर पांडेय,
टिकैतनगर (बाराबंकी)। कोतवाली टिकैतनगर परिसर में मोहर्रम एवं अन्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज एवं क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने उपस्थित ताजियादारों, ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचे ताजिए न रखे जाएं तथा नाबालिग बच्चों को आलम या ताजिया उठाने की जिम्मेदारी न दी जाए। इसके स्थान पर 18 वर्ष से अधिक आयु के जिम्मेदार युवाओं को यह दायित्व सौंपा जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सभी जिम्मेदार नागरिक एवं सामाजिक लोग असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अधिकारियों ने सभी समुदायों से त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर याकूब नेता, मुन्ना राइन, प्रधान मुस्तजाब अहमद, सोनू शर्मा, अली अहमद, सिराज अहमद, रमजान अली, रिजवान सहित क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान, ताजियादार एवं सैकड़ों सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।









