जिलाधिकारी ने गढ़ीवा गौशाला का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए कड़े निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने जनपद चित्रकूट के ग्राम पंचायत गढ़ीवा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में वर्तमान में कुल 172 गौवंश संरक्षित पाए गए। जिलाधिकारी ने गौशाला के केयरटेकर से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पूछताछ की, जिस पर केयरटेकर ने सीसीटीवी कैमरों के निरंतर क्रियाशील होने की पुष्टि की। गौवंशों के उचित रखरखाव एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने संबंधित को कड़े निर्देश दिए कि गौशाला में संरक्षित पशुओं के लिए हरा चारा, शुद्ध पेयजल एवं भूसे की पर्याप्त व समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बीमार पशुओं की स्थिति में तत्काल संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचित किया जाए ताकि उन्हें समय रहते समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। बढ़ते तापमान को देखते हुए पशुओं को भीषण गर्मी और धूप से बचाने हेतु छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों एवं केयरटेकर द्वारा बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त होने के कारण पशुओं के बाहर निकलने की समस्या संज्ञान में लाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से बाउंड्री वॉल की मरम्मत/निर्माण कार्य कराए जाने हेतु संबंधित को निर्देशित किया, ताकि व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।









