किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू का प्रदर्शन, आलू के समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू का प्रदर्शन, आलू के समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। भाकियू हरपाल गुट के जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय गनौरा पर एकत्रित होकर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार सिंह व थाना जहांगीराबाद पुलिस ने किसानों को शांत कराया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय मांग पत्र नायब तहसीलदार के माध्यम से भेजा। जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी ने बताया कि जनपद में आलू का भाव बेहद गिर गया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की लागत ₹800 प्रति कुंतल से अधिक आ रही है, जबकि बाजार में उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और न ही आलू अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹1200 प्रति कुंतल निर्धारित किया जाए और इसे बिहार, बंगाल, असम व नेपाल भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को उचित दाम मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 1 अप्रैल से आलू के समर्थन मूल्य को लेकर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त, श्री सैनी ने देवां थाने में तैनात दरोगा अजीत कुमार सिंह के कार्य व्यवहार पर भी सवाल उठाए और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।