उत्तर प्रदेश में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का सफल क्रियान्वयन जारी

उत्तर प्रदेश में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का सफल क्रियान्वयन जारी

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम हेतु 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक 'विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान' का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा दिमागी बुखार (जेई/एईएस) जैसी मौसमी बीमारियों के प्रसार को नियंत्रित करना है। इसी क्रम में, 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक 'दस्तक अभियान' के माध्यम से स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है, ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके। ग्राम पंचायत कसहाई सहित चकौध, चाँदी, प्रसिद्धपुर, बक्टा बुजुर्ग, अर्छाबरेठी एवं देओल तौरा के मजरों में व्यापक स्तर पर झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई एवं स्वच्छता अभियान संचालित किए गए। ग्राम पंचायत कसहाई में सूकर पालकों का संवेदीकरण किया गया, ताकि संक्रामक रोगों के प्रसार को रोका जा सके। साथ ही, गोकुल पुरी में जिला मलेरिया टीम द्वारा 'सोर्स रिडक्शन' (स्रोत विनाश) के प्रति जन-जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया गया। सुरसेन, अर्छा बरेठी में विद्यालयों के वाशरूम एवं परिसर की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। रोग वाहकों को पनपने से रोकने हेतु प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासनिक स्तर पर इन प्रयासों का लक्ष्य जनसामान्य को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आस-पास जलजमाव न होने दें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।