आगरा में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मधुबनी से सजीव संबोधन को ग्राम पंचायत अहारन में ग्रामीणों ने देखा-सुना

निष्पक्ष जन अवलोकन। कमलेंद्र सिंह(शिवम् सिकरवार) आगरा। जनपद आगरा में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अहारन, एत्मादपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें केंद्र सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक डॉ. धर्मपाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मधुबनी, बिहार से सजीव प्रसारण के साथ हुई, जिसे ग्रामीणों ने बड़ी उत्सुकता के साथ देखा और सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण और पंचायती व्यवस्था को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि पंचायती राज प्रणाली भारतीय लोकतंत्र को जड़ों से मजबूत करती है। इसमें जनभागीदारी और पारदर्शिता आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्राम स्तर पर वित्तीय सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। इस मौके पर पंचायत सहायकों और सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम प्रधानों को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।