अटल आवासीय प्रवेश परीक्षा की तिथि में परिवर्तन, अब 8 मार्च को होगी परीक्षा, 15 फरवरी तक आवेदन
निष्पक्ष जन अवलोकन।
योगेश जायसवाल।
बाराबंकी। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया गया है। पूर्व में यह परीक्षा 22 फरवरी को प्रस्तावित थी, जिसे अब संशोधित करते हुए 08 मार्च 2026 (रविवार) को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। वहीं, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, जिन्होंने पंजीकरण के उपरांत 30 नवंबर 2025 तक न्यूनतम तीन वर्ष की सदस्यता अवधि पूर्ण कर ली हो, को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कोरोना काल में निराश्रित हुए वे बच्चे, जो महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत हैं, तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों को भी अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रम विभाग के अधीन अटल आवासीय विद्यालय का संचालन मंडल स्तर पर जनपद अयोध्या की रुदौली तहसील अंतर्गत अमराई गांव में किया जा रहा है, जो शैक्षणिक सत्र 2023-24 से कक्षा-06 से प्रारंभ हुआ है। इस विद्यालय का उद्देश्य श्रमिक एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके बौद्धिक एवं शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है।
महानिदेशक, अटल आवासीय विद्यालय उत्तर प्रदेश की संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयन परीक्षा के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अंतर्गत कक्षा-06 में अधिकतम 160 छात्र-छात्राएं (80 छात्र एवं 80 छात्राएं), जिनकी जन्मतिथि 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के मध्य हो, तथा कक्षा-09 में 61 छात्र-छात्राएं (31 छात्र एवं 30 छात्राएं), जिनकी जन्मतिथि 01 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के मध्य हो, को प्रवेश दिया जाएगा।
कक्षा-06 में प्रवेश हेतु मानसिक क्षमता, अंकगणित एवं भाषा से संबंधित परीक्षा ली जाएगी, जबकि कक्षा-09 के अभ्यर्थियों को अंग्रेजी, हिंदी, गणित एवं विज्ञान विषयों की परीक्षा देनी होगी।
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र दिनांक 01 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में निःशुल्क सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, जनपद बाराबंकी से प्राप्त एवं जमा किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट www.upbocw.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी अमित प्रकाश सिंह, सहायक श्रमायुक्त, बाराबंकी द्वारा दी गई।