अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रामनगर में हुए विविध कार्यक्रम, मंत्री सतीश शर्मा ने बताया योग को जीवन शैली का आधार

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रामनगर में हुए विविध कार्यक्रम, मंत्री सतीश शर्मा ने बताया योग को जीवन शैली का आधार

निष्पक्ष जन अवलोकन

 रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामनगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महादेवा ऑडिटोरियम में समाजसेवी, वरिष्ठ पत्रकार एवं चरेवेति फाउंडेशन के अध्यक्ष के.पी. तिवारी द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन शैली है। योग मानसिक तनाव, चिंता और विभिन्न शारीरिक समस्याओं से मुक्ति दिलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है और यह देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का वैश्विक स्वरूप बन चुकी है।

अवध क्षेत्र के भाजपा उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव, प्रतिस्पर्धा और भौतिकता के प्रभाव के बीच योग जीवन जीने की एक समग्र एवं वैज्ञानिक पद्धति के रूप में उभरकर सामने आया है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री रामबाबू द्विवेदी, भाजपा नेत्री अलका मिश्रा, भाजपा प्रवक्ता शेखर हयारण तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री कल्पना तिवारी सहित कई वक्ताओं ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने पर बल दिया।

योगाचार्य रवि अखिलेश पांडेय एवं गजानंद शुक्ला ने उपस्थित लोगों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ग्रीवा संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।

इसी क्रम में रामनगर पीजी कॉलेज में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, पीजी कॉलेज के सचिव एवं उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी, राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग शिक्षक अरविंद यादव ने योगाभ्यास कराया।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री बालमुकुंद गुप्त, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, अमित अवस्थी, रविकांत पांडेय, प्रधान बृजेश शर्मा, पूर्व प्रधान शिवराम गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र, बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी, महामंत्री कमलापति तिवारी तथा यूनियन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. कमलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।