सोनभद्र में वंदे मातरम् चौक बनाने की मांग शहीद दिवस पर विश्व हिंदू महासंघ ने जिला प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र। जनपद में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और देशभक्ति को नई पहचान देने के लिए वंदे मातरम् चौक बनाए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। विश्व हिंदू महासंघ की जिला इकाई ने 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शहर के किसी प्रमुख और व्यस्ततम चौराहे का नाम वंदे मातरम् चौक घोषित करने की मांग की है।संगठन ने अपने प्रस्ताव में कहा कि यह दिन भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जैसे अमर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। साथ ही वंदे मातरम् गीत की 151वीं वर्षगांठ को भी इस मांग से जोड़ा गया है, जिससे इस पहल को ऐतिहासिक और भावनात्मक आधार मिला है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वंदे मातरम् केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है, जिसने लाखों देशभक्तों के भीतर साहस और समर्पण की भावना जगाई। संगठन का कहना है कि वंदे मातरम् चौक बनने से युवाओं में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी तथा शहीदों के बलिदान को स्थायी सम्मान मिलेगा। विश्व हिंदू महासंघ ने यह भी प्रस्ताव रखा है कि चयनित चौक को शहीदों के चित्र, तिरंगा ध्वज, भारत माता की प्रतिमा, यातायात संकेतक और वंदे मातरम् गीत की पट्टिका से भव्य रूप दिया जाएगा, जिससे यह स्थल देशभक्ति का प्रतीक बन सके। संगठन ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा है कि यदि इस प्रस्ताव को अमल में लाया जाता है तो यह पूरे जिले के लिए गौरव का विषय होगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा। मौके पर विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव, विश्व हिंदू महासंष मातृशक्ति की प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन सिंह पटेल,किरण किन्नर प्रदेश अध्यक्ष,जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।









