सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 200 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या तीन स्थित सिटी हार्टमैन जूनियर हाईस्कूल में रविवार को शिक्षा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से लेकर कक्षा 12 तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की अध्यक्ष डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने बताया कि शिक्षा वेलफेयर सोसाइटी पिछले लगभग दो वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है, ताकि वे अपने ज्ञान का सही उपयोग कर जीवन में नई दिशा चुन सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के बौद्धिक विकास में सहायक होती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि चंद्र वाष्र्णेय ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान से विद्यार्थियों की सोच का दायरा बढ़ता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अमित कुमार, पूजा शर्मा, नेहा गुप्ता, राजेश वर्मा सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।