सहसपुर गांव घर के अंदर निकले कोबरा से मचा हड़कंप

निष्पक्ष जन अवलोकन

सहसपुर गांव घर के अंदर निकले कोबरा से मचा हड़कंप

बदायूं/बिल्सी। तहसील क्षेत्र के सहसपुर गांव में रविवार को एक घर के अंदर कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप पिछले करीब आठ घंटे से एक ही स्थान पर बैठा हुआ है। इसकी जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। सहसपुर निवासी गुड़िया पत्नी स्वर्गीय अली सहन ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे उनके घर में एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप निकलने के बाद कुछ देर तक वहीं बैठा रहा और लोगों की मौजूदगी के बावजूद वहां से नहीं हटा। परिजनों ने डर के चलते घर से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होने लगे। सांप के लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। कुछ लोग इस घटना को चमत्कार मान रहे हैं। वहीं, कुछ ग्रामीण सांप को दूध पिलाने और उसके पास रुपये रखने के लिए भी पहुंच गए। गुड़िया का दावा है कि सांप उनसे बातचीत कर रहा है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सांप से दूध पीने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। गांव के अन्य लोगों का भी कहना है कि सांप सुबह 10 बजे से एक ही स्थान पर बैठा हुआ है और लोगों को देख रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया। फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मौके पर लोगों की भीड़ लगातार जुटी हुई है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सपेरे या वन विभाग की टीम भेजकर सांप को सुरक्षित पकड़वाने की मांग की है, ताकि कोई हादसा न हो।