रात में चला खनन के खिलाफ अभियान, चार ट्रक सीज, लोकेशन बताने वाले दो संदिग्ध भी पकड़े गए
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार रात एसडीएम अजय कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बिना वैध कागजात के खनिज परिवहन करते हुए चार ट्रकों को पकड़ा गया। एसडीएम अजय कुमार यादव ने बताया कि जांच के दौरान चार ट्रक संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिनके पास खनिज परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। सभी ट्रकों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की गई है। इनमें से दो ट्रकों को पहाड़ी थाना तथा दो ट्रकों को रैपुरा थाना के सुपुर्द किया गया है। अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा गया, जो एक चार पहिया वाहन से ट्रकों को लोकेशन उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे थे। अधिकारियों को आशंका है कि ये लोग अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों को प्रशासनिक कार्रवाई से बचाने के लिए सूचनाएं दे रहे थे। पकड़े गए दोनों संदिग्धों तथा उनके चार पहिया वाहन को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए पहाड़ी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









