योग से जन-जागरूकता का संदेश, अनेक संस्थाओं ने मिलकर मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
निष्पक्ष जन अवलोकन
योगेश जायसवाल
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय योग परिषद, लखनऊ एवं विभा वाणी इंडिया, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के ‘योग संगम’ अभियान के अंतर्गत जनेश्वर मिश्र पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)" रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में दि समरीन योगा एंड वेलनेस की योगाचार्या समरीन ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विश्राम क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों तथा स्वस्थ वृद्धावस्था में योग की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रातःकाल आयोजित इस योग सत्र में बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर वैदिक मित्र न्यास, जे.पी. मेमोरियल संस्थान, ए.के. हेल्प सोशल फाउंडेशन, हेल्पवे ट्रस्ट, कार्तिकेय सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन, भारतीय युवा जनशक्ति संगठन एवं राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट सहित अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी संस्थाओं ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा “एक स्वस्थ भारत – योगयुक्त भारत” के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। आयोजकों ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मबल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में जन-जागरूकता का एक व्यापक अभियान है।
भारतीय योग परिषद के निदेशक सर्वेश कुमार सोनी ने सभी सहभागी संस्थाओं, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।









