मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया शुरू
निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश जायसवाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के दो वर्ष के कार्यकाल के लिए प्रस्तावित चुनाव के तहत 25 मार्च 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसी क्रम में एनेक्सी मीडिया सेंटर, लखनऊ में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पहले दिन राज्य मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय लखनऊ के पत्रकारों की उपस्थिति में कुल छह प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया संयोजक प्रभात त्रिपाठी तथा चुनाव अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार उमेश चंद्र मिश्र, अजीत सिंह, रविशंकर उपाध्याय, सर्वंजीत सिंह (सूर्यवंशी), त्रिनाथ शर्मा और उमाकांत बाजपेई की मौजूदगी में संपन्न हुई।
नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में रूपेंद्र उपाध्याय ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं लखन लाल मिश्र और दीपक अवस्थी ने संयुक्त सचिव पद के लिए नामांकन किया। इसके अलावा के.के. वर्मा, बबिता ओबेराय और सुरेंद्र दुबे ने कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए समिति के निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करते हुए अपना नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एनेक्सी मीडिया सेंटर का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा। चुनाव अधिकारियों ने पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई।
समिति के चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन, जांच और वापसी की निर्धारित तिथियों के बाद 25 मार्च 2026 को मतदान कराया जाएगा, जिसके बाद समिति के नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।









