मंडलायुक्त व एडीजी ने लोधेश्वर महादेवा फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में चल रहे प्रसिद्ध फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का मंगलवार को अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार एवं लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मंगलवार को दोनों वरिष्ठ अधिकारी महादेवा धाम पहुंचे और संपूर्ण मेला परिक्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के पूजन-दर्शन हेतु मंदिर के गर्भगृह तक जाने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग एवं होल्डअप की मजबूती को परखा। इसके पश्चात मंदिर परिसर में स्थित महल के जर्जर छज्जे के नीचे लगाए गए जाल के ऊपर अतिरिक्त मजबूत जाल लगवाने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से संवाद किया और उनसे उनके आगमन स्थल की जानकारी ली। कांवरियों ने बताया कि वे जनपद जालौन से तीन दिन और दो रात की पैदल यात्रा कर दर्शन के लिए पहुंचे हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में भी फीडबैक लिया।
इसके बाद मंदिर के निकासी द्वार पर नाली के किनारे बने गड्ढों को शीघ्र ठीक कराने, बैरिकेडिंग के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के खुले तारों एवं केबल को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अभरण सरोवर पर बैरिकेडिंग, प्रकाश एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा गया। पानी की टंकी पर जाने वाली सीढ़ियों को बंद कराने, दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत पानी व बालू रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य द्वार का रंग-रोगन कराने को भी कहा गया।
मंडलायुक्त एवं एडीजी ने ग्राम प्रधान राजन तिवारी द्वारा मेले में कराई गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें और दूर-दराज से आने वाले शिव भक्तों को सहानुभूति पूर्वक जलाभिषेक कराया जाए, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त, एडीजी सहित सभी अधिकारियों ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर में देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर मानव कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर डीआईजी अयोध्या सोमेंन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी असुदन, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत हरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।