घरेलू गैस न मिलने से क्षुब्ध युवक ने सडक पर सिलेंडर रखकर लेटकर विरोध किया तब उसे सैदनपुर चौकी इंचार्ज ने सिलेंडर दिलाया
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर । क्षेत्र के सैदनपुर में शनिवार को एक युवक गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज होकर बदोसराय-सफदरगंज मार्ग पर सड़क पर लेट गया। यह घटना सैदनपुर इंडेन सर्विस के सामने हुई, जहां युवक के पास उसका खाली गैस सिलेंडर भी पड़ा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनू रावत नामक यह युवक सुबह से ही गैस लेने के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहा था। गैस न मिलने और कथित तौर पर इंतजार करने के लिए कहे जाने से वह इतना नाराज हुआ कि विरोध स्वरूप सड़क के बीचो बीच लेट गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया और गैस एजेंसी संचालक से बात की। इसके बाद युवक को तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। सड़क पर युवक और खाली सिलेंडर के पड़े होने से किसी बड़े हादसे की आशंका थी, जिसे पुलिस के समय पर पहुंचने से टाल दिया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। इस संबंध में सैदनपुर चौकी इंचार्ज विभूति द्विवेदी ने बताया कि युवक गैस लेने आया था, लेकिन उसके मोबाइल पर डीएससी (डिजिटल सब्सक्रिप्शन कोड) नहीं आ रही थी। एजेंसी द्वारा उसे इंतजार करने के लिए कहा गया, जिसके बाद वह सड़क पर लेट गया। गैस एजेंसी के प्रोपराइटर मोहम्मद फैज ने बताया कि युवक के मोबाइल पर डीएससी भेजी गई थी, लेकिन वह नहीं पहुंच रही थी, जिससे युवक नाराज हो गया। उसे थोड़ी देर रुकने के लिए कहा गया था। फैज ने यह भी बताया कि युवक नशे की हालत में लग रहा था। फैज ने स्पष्ट किया कि उनकी एजेंसी पर ज्यादातर होम डिलीवरी की जा रही है और उपभोक्ताओं को एजेंसी पर नहीं बुलाया जा रहा है। फिर भी, जो कुछ लोग एजेंसी पर आते हैं, उन्हें भी नियमानुसार गैस उपलब्ध कराई जाती है।









