यूपी सरकार ने जनपद के अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए 121 करोड़ से अधिक की राहत राशि की आवंटित

किसानों को हुई फसल क्षति के लिए सरकार संवेदनशील : राहत आयुक्त

यूपी सरकार ने जनपद के अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए 121 करोड़ से अधिक की राहत राशि की आवंटित

राहत आयुक्त ने जनपद का भ्रमण कर फसल क्षति का लिया जायजा अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत कार्य में पारदर्शिता के साथ तेजी लाने के दिये निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। जनपद में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 121 करोड़ 85 लाख 02 हजार 677 की राहत राशि दो किश्तों में (प्रथम किश्त 45 करोड़ व द्वितीय किश्त 76 करोड़ 85 लाख 02 हजार 677 रुपए) जनपद के अतिवृष्टि प्रभावित किसानों के लिए आवंटित कर दी है, जिसके त्वरित व पारदर्शी वितरण का जायजा लेने के लिए भानु चन्द्र गोस्वामी, आई ए एस राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन ने ललितपुर का दौरा किया। भ्रमण के दौरान राहत आयुक्त ने जनपद के ग्रामों में मौके पर जाकर फसल क्षति का जायजा लिया, किसानों से वार्ता की एवं जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि/रा व कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में अतिवृष्टि की स्थिति और उससे हुये फसलों के नुकसान को जाना, उन्होंने सम्बंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदारों से एक-एक कर फीडबैक लिया। उन्होंने उप निदेशक कृषि से प्रधानमंत्री फसल बीमा की समीक्षा की तथा की गई कार्यवाही को भी जाना। उन्होंने मण्डी सचिवों से विगत तीन वर्षों की मण्डी में फसलों की आवक के सापेक्ष वर्तमान में फसल आवक की भारी गिरावट को भी समझा। राहत आयुक्त ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों का डाटा त्वरित गति से सुस्पष्ट रुप से फीड कराते हुए शासन की मंशानुसार किसानों को राहत राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने का कार्य करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भानु चन्द्र गोस्वामी,ने कहा कि सरकार किसानों को हुई क्षति के प्रति पूर्ण रुप से संवेदनशील है, इसलिए मांग के सापेक्ष त्वरित रुप राहत राशि जिलों को आवंटित कर दी गई है। इस दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने अवगत कराया कि जनपद के प्रभावित किसानों को राहत राशि पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, उप जिलाधिकारियों की निगरानी में राजस्व विभाग की टीमें दिनरात सर्वे व फीडिंग का कार्य कर रही हैं, जिन किसानों का डाटा फीड होता जा रहा है, उन्हें तत्काल राहत राशि उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है, यह कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ निरंतर चल रहा है। जनपद भ्रमण के दौरान राहत आयुक्त ने तहसील ललितपुर के ग्राम जाखलौन, मैखुवां, सगौरिया व तहसील तालबेहट के बरौदाडांग, खैरीडांग, खैराडांग, सुनपुरा, रजपुरा, टोड़ी व गदयाना का दौरा किया। भानु चन्द्र गोस्वामी,ने ग्रामों में किसानों से मिलकर उनसे वार्ता की तथा खराब हुई फसल को देखा। उन्होंने कहा कि किसान राहत राशि के लिए सम्बंधित तहसील में अपनी जमीन का गाटा, बैंक पासबुक, आधार व मोबाइल नम्बर उपलब्ध करा दें, ताकि फीडिंग के उपरान्त जल्द राहत राशि भेजी जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अंकुर श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप, उप जिलाधिकारी तालबेहट श्रीराम यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण व किसान उपस्थित रहे।