कथित अवैध संबंधों के शक में चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कथित अवैध संबंधों के शक में चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

गोवर्धन रोड स्थित ज्योति फार्म हाउस में हुई वारदात, लाइसेंसी पिस्टल के साथ आरोपी पुलिस हिरासत में मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गोवर्धन रोड स्थित ज्योति फार्म हाउस में शनिवार शाम रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। कथित अवैध संबंधों के शक को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि पवन चौधरी ने अपने चचेरे भाई गजेंद्र को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी और थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन चौधरी को उसकी लाइसेंसी पिस्टल सहित घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। कथित अवैध संबंधों का एंगल भी जांच के दायरे में है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे हत्या का आधिकारिक कारण नहीं बताया है। घटना के बाद ज्योति फार्म हाउस और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।