उरई/जालौन, दीपावली से पहले बाजार में रेडीमेड कपड़ों की मांग बढ़ी है। दुकानों में लेटेस्ट डिजाइनों के महिलाओं व पुरुषों के परिधान सजे हैं। दुकानदार ग्राहकों की संख्या में इजाफा देखकर उनको लुभाने के लिए भारी छूट दे रहे हैं। युवा विभिन्न डिजाइनों के कुर्ता पायजामा पसंद कर रहे हैं। दीपावली पर नए बर्तन के अलावा नए कपड़े खरीदना भी शगुन माना जाता है। दीपावली नजदीक आते ही कपड़ा बाजार गर्माना शुरू हो जाता है। साथ ही रेडीमेड कपड़ों की मांग बढ़ जाती है।
महिलाओं, पुरुषों तथा बच्चों की भी पहली पसंद रेडीमेड कपड़े ही होते हैं। इसे देखते हुए बाजारों में भारी छूट की घोषणा कर दी जाती है। दीपावली पर नई डिजाइन साड़ियों और युवतियों के लिए आधुनिक रेडीमेड परिधानों ने बाजार में धूम मचाई हुई है। अभी भी 80 से 90 प्रतिशत लोग रेडीमेड गारमेंट को ही अपनी पहली पसंद मानते हैं।
शहर के मुख्य टरननगंज बाजार व भीतर बाजार में सबसे ज्यादा कपड़ों की दुकान में भीड़ है। इन दुकानों में सुबह से देर रात तक शहरी सहित ग्रामीण ग्राहक काफी संख्या में जुट रहे हैं। नए जमाने के हिसाब से दुकानदारों ने नई-नई वैरायटी के ड्रेस मटेरियल स्टाक कर रखे हैं। जींस कार्नर के संचालक ने बताया कि दीपावली को लेकर दिल्ली, कानपुर व लखनऊ से नामी गिरामी कंपनियों के कपड़े मंगवाए गए हैं। नए जमाने के फैशन के हिसाब से सभी रेंज के जींस, टी-शर्ट, शर्ट, ट्राउजर, कार्गो सहित सभी प्रकार के परिधान उपलब्ध हैं।
दीपावली पर युवाओं में जींस, शर्ट और ट्राउजर के साथ-साथ पारंपरिक कपड़ों जैसे कुर्ता पायजामा और धोती कुर्ता का भी क्रेज देखने को मिल रहा है। युवाओं का कहना है कि त्यौहार क समय होने वाले पूजन में सभी को पारंपरिक कपड़े ही पहनने चाहिए।