यूरिया खाद की ओवररेटिंग का खेल जारी, किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली का आरोप; कई दुकानों पर ₹500 से ₹530 प्रति बोरी बिक्री की शिकायत, कार्रवाई की मांग तेज।

यूरिया खाद की ओवररेटिंग का खेल जारी, किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली का आरोप; कई दुकानों पर ₹500 से ₹530 प्रति बोरी बिक्री की शिकायत, कार्रवाई की मांग तेज।

निष्पक्ष जन अवलोकन। गैसड़ी में यूरिया की खुलेआम ओवररेटिंग! ₹266.50 की बोरी ₹500 से ₹530 में बेचने का आरोप, सवाल पूछने पर पत्रकार को भगाया गैसड़ी, बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के गैसड़ी क्षेत्र में किसानों को मिलने वाली सब्सिडी युक्त यूरिया खाद की कथित ओवररेटिंग का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परसौत्तमपुर चौराहे पर स्थित दुकानदार अशोक मौर्य द्वारा यूरिया खाद की बोरी निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक, लगभग ₹500 प्रति बोरी की दर से बेचे जाने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं दूसरा मामला नगर पंचायत गैसड़ी से सामने आया है, जहां रमेश मौर्य नामक दुकानदार की दुकान पर यूरिया खाद ₹530 प्रति बोरी तक बेचे जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। किसानों का आरोप है कि सरकारी निर्धारित मूल्य ₹266.50 प्रति बोरी होने के बावजूद खुलेआम मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, जिससे किसान आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं। मामले की पड़ताल करने पहुंचे संवाददाता ने जब दुकानदार से यूरिया के बढ़े हुए दामों के संबंध में जानकारी मांगी तो दुकानदार ने उल्टा सवाल करते हुए कहा, “हम क्या रेट में यूरिया बेचें, आप ही बता दीजिए।” इस पर संवाददाता ने स्पष्ट किया कि यूरिया की बिक्री निर्धारित मूल्य ₹266.50 प्रति बोरी पर होनी चाहिए। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और संवाददाता से “निकल जाओ” कहकर बात समाप्त कर दी। क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह किसानों के हितों पर सीधा प्रहार है। किसानों ने कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हैं या फिर किसानों की जेब पर डाका डालने का यह कथित खेल यूं ही चलता रहेगा।