बिजली गुल थी, घर के बाहर सो रहा था परिवार, तेज रफ्तार डंपर ने उजाड़ दी पूरी दुनिया
निष्पक्ष जन अवलोकन।
मनीष कुमार।
बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के इशंस गांव में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिजली न होने के कारण गर्मी से परेशान एक परिवार घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में पिता समेत तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों में नीरज चौहान (36), पुत्र अनुराग (12), आशू (8) और बेटी आंशिका (10) शामिल हैं। वहीं पत्नी आरती (34) गंभीर रूप से घायल हैं और लखनऊ के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।
बताया जाता है कि रात करीब दो बजे महमूदाबाद की ओर से आ रहा डंपर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया, जहां चारपाई पर सो रहे परिवार को रौंदता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और हर आंख नम हो उठी। लोगों का कहना था कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
परिवार को कुचलने के बाद डंपर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। चालक भागने की कोशिश में फंस गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्तिकेय सिंह और क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं चारों शवों का अंतिम संस्कार प्रशासनिक निगरानी में कराया गया।









