नेशनल हाईवे पर आग का तांडव, ट्रेलर-ट्रक की भीषण टक्कर में दो जिंदा जले
तीसरे व्यक्ति की मौत को लेकर बना हुआ है सस्पेंस हादसे के बाद दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रत्नाकर पांडेय।
बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के चौबीसी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े मुर्गी दाना लदे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ट्रेलर सवार दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति के भी आग की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि देर शाम तक तीसरे व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी, जिससे मामला चर्चा और सस्पेंस का विषय बना हुआ है। मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
हादसे में मनोज कुमार पुत्र प्रभु दयाल निवासी नया खेड़ा, थाना निगोहा, जनपद लखनऊ ने ट्रेलर से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। गंभीर रूप से झुलसे मनोज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) के आदित्य कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने, यातायात सुचारु कराने और बचाव अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।









