टिकैतनगर में जनसेवा की मिसाल बना नगर पंचायत का कूलिंग प्वाइंट अभियान

टिकैतनगर में जनसेवा की मिसाल बना नगर पंचायत का कूलिंग प्वाइंट अभियान

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रत्नाकर पांडेय।

बाराबंकी। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच आदर्श नगर पंचायत टिकैतनगर द्वारा आमजन और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए सराहनीय पहल की जा रही है। नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में नगर के चारों प्रमुख फाटकों पर ठंडे पानी और कूलिंग प्वाइंट की विशेष व्यवस्था कराई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है।

नगर पंचायत द्वारा बनाए गए कूलिंग प्वाइंट पर कूलर, बैठने के लिए कुर्सियां, शीतल पेयजल और देसी गुड़ की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए यह व्यवस्था किसी राहत केंद्र से कम नहीं साबित हो रही है।

नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लगाए गए वाटर कूलरों में लगातार स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध रहे, इसके लिए समय-समय पर उनकी सर्विसिंग भी कराई जा रही है। प्रत्येक कूलर के ऊपर लगभग 5000 लीटर क्षमता की टंकी रखी गई है, जिससे लोगों को फिल्टर और साफ पानी मिल सके। साथ ही मोटर की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकैतनगर नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। लोगों के अनुसार आसपास के अन्य नगर क्षेत्रों की तुलना में यहां की व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और जनहितकारी दिखाई देती हैं।

नगर अध्यक्ष द्वारा केवल आमजन ही नहीं बल्कि गोवंशों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। नगर के कई स्थानों पर स्टील के टॉप लगवाए गए हैं, जिनमें गोवंश पानी पी सकें। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

वहीं नगर पंचायत के विकास कार्यों में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा का विशेष योगदान बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से टिकैतनगर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।