ग्राम गोबरिया बुजुर्ग में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर संपन्न
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। ग्राम पंचायत गोबरिया बुजुर्ग में रविवार को श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड चित्रकूट के सहयोग से विशाल नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम उत्थान आजीविका स्वयं सहायता समूह गोबरिया बुजुर्ग की महिलाओं की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। शिविर में लगभग 235 लोगों की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई, जिसमें 102 जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण किया गया। वहीं मोतियाबिंद से पीड़ित 12 मरीजों को उपचार एवं ऑपरेशन हेतु जानकीकुंड नेत्र चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल के कर्मचारी मरीजों को अपने साथ लेकर गए हैं तथा ऑपरेशन के बाद आगामी बुधवार को उन्हें पुनः गांव वापस छोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रभावती एवं उनके पति ईश्वरी प्रसाद यादव तथा उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री देव नारायण द्विवेदी जी, जो कि आर्यावर्त बैंक से सेवानिवृत्त हैं तथा सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाते रहते हैं, का विशेष सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त ग्राम उत्थान आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा शिविर में आए हुए लोगों के लिए अल्पाहार का वितरण भी किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को आंखों की नियमित जांच एवं देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने शिविर का लाभ उठाया तथा आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।









